बिजली से चार्ज होने वाली बैटरी और पेट्रोल दोनों पर चलने वाली बाइक
गुलजार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट खन्ना के मैकेनिकल विभाग के छात्रों ने बिजली से चार्ज होने वाली बैटरी और पेट्रोल दोनों पर चलने वाली बाइक बनाई है। इसे बनाने पर कुल खर्च करीब 15 हजार रुपये आता है। इसे सनमप्रीत सिंह, मोहित कुमार, हरमनप्रीत सिंह और विशाल शर्मा ने बनाया है।
सनमप्रीत ने बताया कि इस बाइक के 70 फीसदी फीचर आम बाइक जैसे ही हैं। इसमें 35 सीसी का पेट्रोल इंजन और 12 वोल्ट/35 एम्पीयर की बैटरी लगाई गई है। एक बार चार्ज करने के बाद बाइक लगातार दो घंटे चल सकती है। बैटरी खत्म होने पर बाइक पेट्रोल पर चलने लगती है। इस दौरान बैटरी चार्ज भी होती है। बैटरी चार्ज होने पर बाइक को दोबारा बैटरी पर चलाया जा सकता है। अधिक लोड होने पर इस बाइक को बैटरी और पेट्रोल दोनों पर एक साथ चलाया जा सकता है।
संस्थान के कार्यकारी निदेशक इंजीनियर गुरकीरत सिंह ने बताया कि सिर्फ दो वर्ष में ही इस बाइक पर आने वाली लागत पूरी हो जाती है। यह बाइक अधिक चार्ज होने वाली बैटरी से चलने के कारण प्रदूषण मुक्त है। चेयरमैन गुरचरण सिंह ने इस बेहतरीन प्रयास के लिए चारों छात्रों और मैकेनिकल विभाग को बधाई दी।