पंजाब में टीकाकरण को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन टीकाकरण को लेकर गंभीर नहीं हैं। यही वजह है कि पंजाब में टीकों की कालाबाजारी जोरों पर है। पंजाब सरकार भी केंद्र से मिलने वाले मुफ्त टीकों की खुराक को 1060 रुपये में निजी अस्पतालों को बेच रही है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार के प्रयासों से देशभर में 22.10 करोड़ लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। वहीं कांग्रेस शासित राज्यों द्वारा कोरोना वैक्सीन की कालाबाजारी व वैक्सीन की बर्बादी कर टीकाकरण अभियान को धीमा करने का प्रयास किया जा रहा है।
कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी वैक्सीन की कमी को लेकर रोज घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं और केंद्र सरकार को नसीहत देते हैं। उधर, कांग्रेस शासित राज्य सरकारें अपनी कमियों और कुप्रबंधन पर पर्दा डालने के लिए जनता को गुमराह और केंद्र सरकार को बदनाम करने का दुर्भाग्यपूर्ण कार्य कर रही है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक 24 करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराक नि:शुल्क और राज्यों द्वारा सीधी खरीद के जरिए मुहैया कराई हैं। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अब भी दो करोड़ से अधिक कोविड वैक्सीन की खुराक मौजूद हैं, जिन्हें अभी लगाया जाना बाकी है।