पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्र्रेस को बड़ा झटका दिया है। कांग्रेस के चार पूर्व मंत्री और एक पूर्व विधायक शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गए। इन नेताओं में पूर्व मंत्री डॉ. राजकुमार वेरका, शाम सुंदर अरोड़ा, गुरप्रीत सिंह कांगड़, बलबीर सिंह सिद्धू के अलावा मोहाली के मेयर अमरजीत सिंह, पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों, और कमलजीत सिंह ढिल्लों शामिल हैं। अकाली दल से मोहिंदर कौर और सरूप सिंगला ने भी भाजपा का दामन थामा।
भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस के सभी नेता काफी वरिष्ठ हैं और पिछली सरकारों में अच्छे पदों पर रहे हैं। पार्टी बदलने वाले राजकुमार वेरका पंजाब कांग्रेस का दलित चेहरा थे, वहीं शाम सुंदर अरोड़ा पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष थे। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू और गुरप्रीत कांगड़ जाट-सिख नेता हैं। मोहाली के मेयर अमरजीत सिंह बलबीर सिद्धू के भाई हैं।
बीते सप्ताह ही पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़, जो राज्य में कांग्रेस का प्रमुख हिंदू चेहरा थे, ने भाजपा का दामन थाम लिया था। शनिवार सुबह ही कांग्रेस के बागी नेताओं की बैठक जाखड़ के निवास पर हुई। जैसे ही भाजपा नेताओं के साथ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी का वीडियो वायरल हुआ, पार्टी में खलबली मच गई।
कांग्रेस को किसी के जाने से फर्क नहीं पड़ता: वड़िंग
पंजाब कांग्रेस के प्रधान राजा वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस को किसी के जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि इन नेताओं का बहुत-बहुत आभार। इन्हें जनता पहले ही नकार चुकी है। अच्छा हुआ, इनके जाने से दूसरे कार्यकर्ताओं के लिए सीट खाली हो गई है।
कैप्टन ने नेताओं को डराकर भाजपा में शामिल कराया: नागरा
पंजाब कांग्रेस के नेता कुलजीत सिंह नागरा ने अपनी प्रतिक्रिया में आरोप लगाया है कि भाजपा को पंजाब के माहौल पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि सिद्धू मूसेवाला की हत्या के रूप में बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। ऐसे समय में कांग्रेस नेताओं को डरा धमकाकर भाजपा में शामिल कराया जा रहा है, जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण के पीछे कैप्टन अमरिंदर सिंह हैं, जिन्हें पता है कि उनकी सरकार के दौरान किन मंत्रियों और नेताओं ने गलत काम किए थे। कैप्टन अब उन नेताओं की सूची मुख्यमंत्री भगवंत मान को सौंपने का डर दिखाकर ऐसे नेताओं को भाजपा में शामिल करा रहे हैं।
भाजपा में शामिल हो रहा कांग्रेस का कचरा: राघव चड्डा
पंजाब कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्डा ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा- पंजाब कांग्रेस का सारा कचरा भाजपा में शामिल हो रहा है। उन्होंने आगे लिखा- भाजपा कांग्रेस का कूड़ादान बन गई है।
कांग्रेस को देखना चाहिए कि ऐसे अनुभवी नेता और कार्यकर्ता पार्टी क्यों छोड़ रहे हैं। अगर वे देश के प्रति अपनी निष्ठा की प्रतिज्ञा नहीं कर सकते हैं और पार्टी की कमियों को दूर नहीं कर सकते हैं तो वे विपक्ष होने का दर्जा भी खो सकते हैं। सुनील जाखड़, भाजपा नेता।
मैं 30-32 साल की उम्र से कांग्रेस में हूं। अब मैं 60 साल का हो गया हूं, पार्टी के लिए अपने खून-पसीने से काम किया लेकिन कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं की पहचान नहीं करती है। मोदी जी और अमित शाह जी जिस तरह से काम करते हैं, उसका श्रेय अपने कार्यकर्ताओं को देते हैं। बलबीर सिंह सिद्धू।