पंजाब के सरकारी स्कूलों में मिशन समर्थ का पाठ्यक्रम पूरा हो चुका है। अब सभी स्कूलों में नियमित पाठ्यक्रम शुरू हो गया है। मिशन समर्थ में विभाग कितना सफल रहा है, ये जांचने के लिए अब विद्यार्थियों के टेस्ट लिए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने इसका कार्यक्रम जारी कर दिया है। विभाग के अनुसार हर 10 से 15 दिन बाद ये टेस्ट लिया जाएगा। 20 अगस्त से इसकी शुरुआत होगी।
सरकार ने सरकारी स्कूलों में सीखने के परिणामों को बेहतर बनाने के लिए मिशन समर्थ की शुरुआत की थी, ताकि गणित, पंजाब व इंग्लिश में विद्यार्थियों का मजबूत आधार बनाया जा सकें। विभाग के अनुसार अगस्त से लेकर नवंबर तक का टेस्ट कार्यक्रम जारी किया है। 20 के बाद दूसरा टेस्ट 30 अगस्त होगा। 13 सितंबर को तीसरा और 27 सितंबर को चौथा टेस्ट होगा।
इसी तरह 11 व 25 अक्तूबर को भी टेस्ट प्रक्रिया जारी रहेगी। 8 नवंबर के बाद 20 नवंबर को आखिरी टेस्ट होगा और इसी के आधार पर आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी। विभाग के अनुसार तीसरी से दसवीं तक की कक्षाओं के लिए नियमित पाठ्यक्रम के साथ ही विद्यार्थियों की दक्षता बढ़ाने के लिए भी योजना तैयार की जाएगी। इसके तहत विभाग की तरफ से साप्ताहिक प्रैक्टिस शीट्स शिक्षकों को भेजी जाएगी और नियमित पाठ्यक्रम के साथ-साथ इन साप्ताहिक प्रैक्टिस शीट्स को भी पढ़ाया जाएगा।