फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पर्यटन को बढ़ावा देने की कवायद: चंडीगढ़ प्रशासन पहली बार बनाएगा पर्यटन नीति, नियुक्त होगी टूरिस्ट पुलिस

Tue, 06 Aug 2024 06:48 AM IST
चंडीगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

चंडीगढ़ प्रशासन शहर में पहली बार पर्यटन नीति विकसित कर रहा है। हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और अन्य केंद्र शासित प्रदेशों की नीतियों का अध्ययन करने के बाद ड्राफ्ट तैयार किया जा रहा है और अगस्त के अंतिम सप्ताह में इसे अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।
विज्ञापन
चंडीगढ़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चंडीगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यूटी प्रशासन पहली बार पर्यटन नीति बनाने जा रहा है। इस नीति को लेकर कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं और ड्राफ्ट तैयार किया जा रहा है। नीति में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई प्रावधान करने के साथ चंडीगढ़ में टूरिस्ट पुलिस भी बनाने की बात कही गई है। टूरिस्ट पुलिस की वर्दी भी आम पुलिस से अलग सफेद रंग की होगी, जो लोगों को जागरूक करने का काम करेंगे।

विज्ञापन


नीति के ड्राफ्ट के अनुसार पर्यटन विभाग विभिन्न पर्यटन स्थलों पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की सुविधा के लिए करीब 30 पुलिस अधिकारियों-कर्मियों को नियुक्त करेगा। इनको सेक्टर-42 में होटल प्रबंधन संस्थान में प्रशिक्षित किया जाएगा और इनके पास टूरिस्ट पुलिस के रूप में लेबल किए गए नीले बैज के साथ एक सफेद ड्रेस कोड होगा। होटलों के लिए एक पोर्टल बनाया जाएगा, जिसमें वे घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या के बारे में जानकारी अपडेट कर सकेंगे। प्रत्येक होटल को एक यूनिक आईडी और पासवर्ड दिया जाएगा। 

पर्यटकों को अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए एक टोल-फ्री नंबर उपलब्ध होगा। अधिक गाइडों को नियुक्त किया जाएगा और उन्हें यूटी प्रशासन के साथ सूचीबद्ध किया जाएगा। गाइडों के लिए दरें तय की जाएंगी और पर्यटन वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएंगी। साथ ही शहर में फिल्म शूटिंग की मंजूरी के लिए सिंगल-विंडो सिस्टम को और मजबूत किया जाएगा। 
विज्ञापन


पर्यटन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विभाग नीति के ड्राफ्ट को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में हैं। नीति का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना होगा। इसके साथ ये नीति भारत की पर्यटन नीति की तर्ज पर ही तैयार की जा रही है।

कई राज्यों की पर्यटन नीति का किया गया अध्ययन

किसी भी राज्य व यूटी की अर्थव्यवस्था में पर्यटन बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नीति में इस बात का भी बखूबी ध्यान रखा गया है। चंडीगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों में सेक्टर-1 में कैपिटल कॉम्प्लेक्स, रॉक गार्डन, सुखना लेक, बर्ड पार्क, भारतीय वायु सेना हेरिटेज सेंटर और सेक्टर-10 में सरकारी संग्रहालय और आर्ट गैलरी शामिल हैं। हर साल करीब 30,000 अंतरराष्ट्रीय पर्यटक और 10-12 लाख घरेलू पर्यटक चंडीगढ़ में आते हैं।

नीति के ड्राफ्ट में यह खास

  • पर्यटकों की सुविधा के लिए तैनात रहेगी टूरिस्ट पुलिस
  • 30 पुलिस अधिकारियों-कर्मियों के पास सफेद ड्रेस कोड होगा और नीले बैज होंगे, जिन पर टूरिस्ट पुलिस लिखा होगा
  • घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या के बारे में जानकारी अपडेट करने के लिए होटलों के लिए बनाया जाएगा पोर्टल
  • पर्यटकों को अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए एक टोल-फ्री नंबर उपलब्ध होगा
  • शहर में फिल्म शूटिंग की मंजूरी के लिए होगा सिंगल-विंडो सिस्टम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें