पंचकूला। जम्मू में 15 से 20 नवंबर तक होने वाले अंडर-17 गर्ल्स क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए हरियाणा की टीम का कैंप सोमवार को पंचकूला में शुरू हो गया। टीमें सोमवार को पंचकूला पहुंचीं और सेक्टर-11 स्थित चमन लाल डीएवी स्कूल में लगाए गए कैंप में हिस्सा लिया। कैंप के पहले ही दिन करीब 12 खिलाड़ियों ने पहुंचकर अभ्यास शुरू कर दिया। टूर्नामेंट के लिए कुल 16 महिला खिलाड़ियों का चयन किया गया है। बीती 7 नवंबर को चयनित सभी खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। इन खिलाड़ियों का चयन बीते सितंबर में पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय चैंपियनशिप में विजेता खिलाड़ियों में से किया गया है।
विज्ञापन
जिला शिक्षा विभाग के निर्देश पर डीएवी स्कूल में इस कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कैंप में खिलाड़ियों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग का विशेष अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि जम्मू टूर्नामेंट में टीम बेहतर प्रदर्शन कर सके।