खस्ताहाल सड़कें, जगह-जगह गंदगी और इधर-उधर कचरा डंप करने की समस्याएं ज्यादातर सेक्टरों में हैं। इन्हीं समस्याओं से परेशान होकर सेक्टर-17 और सेक्टर-17 एक्सटेंशन के लोगों ने हुडा दफ्तर के सामने प्रदर्शन किया।
सेक्टर-17 एक्सटेंशन आरडब्ल्यूए के प्रधान महेश नैन ने चेतावनी दी कि अगर उनकी समस्याओं का जल्द हल नहीं हुआ तो सीएम आवास का घेराव किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अफसरों की लापरवाही का आलम यह है कि उनकी समस्याओं के समाधान के उपाय ढूंढने की बात तो दूर, कोई अफसर या कर्मचारी सेक्टर का जायजा लेने तक नहीं पहुंचा।
सुबह विरोध प्रदर्शन करने के बाद रेजिडेंट्स ने हुडा की संपदा अधिकारी को मांग पत्र सौंपा, जिस पर उन्होंने समस्या से जल्द निजात दिलाने का भरोसा दिलाया।
सेक्टर-17 हाउस ऑनर्स वेलफेयर फेडरेशन के महासचिव आरएल वर्मा और सेक्टर-17 एक्सटेंशन आरडब्ल्यूए के प्रधान महेश नैन ने बताया कि सेक्टर के चारों ओर रास्ते खुले होने की वजह से वारदात का खतरा है।
उन्होंने 15 नवंबर को हुडा अधिकारियों को अपनी समस्याएं बताई थी, लेकिन इनके समाधान पर गौर नहीं किया गया। इसके बाद एक्सटेंशन वासियों ने बैठक कर हुडा दफ्तर पर विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया था।
प्रमुख समस्याएं
स्कूल और क्रेच के लिए जगह निर्धारित होने के बावजूद यहां पर निर्माण नहीं किया गया। दोनों जगहों पर लोग कूड़ा फेंकते हैं, जिससे आसपास के लोग परेशान हैं।
मकान नंबर 914 से 921 के बाहर की जगह को ग्रीन बेल्ट में विकसित करने की मांग भी पूरी नहीं हुई।
हरियाणा और यूटी को जोड़ने वाली राजीव कालोनी व सेक्टर-17 की डिवाइडिंग रोड की हालत जर्जर है।
लावारिस पशुओं की समस्या भी गंभीर है। इससे दुर्घटना का खतरा रहता है।
सड़कें खस्ताहाल हैं और चारों तरफ रास्ते खुले हैं।