37 पूर्व विधायक अभी तक हो चुके पार्टी में शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। एसआरके (सैलजा, सुरजेवाला और किरण चौधरी) गुट द्वारा कांग्रेस में नेताओं को शामिल कराने को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने बड़ा बयान दिया है। उदयभान ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस, विधायक दल के नेता और पार्टी प्रभारी द्वारा जिन नेताओं की कांग्रेस में ज्वाइनिंग कराई जाती है, वह ही वैध है, शेष ज्वाइनिंग अवैध हैं। हरियाणा कांग्रेस कमेटी के बैनर तले अभी तक 37 पूर्व विधायकों, पूर्व मंत्री शामिल हो चुके हैं। जहां तक कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला व किरण चौधरी द्वारा नेताओं को पार्टी में शामिल करने की बात है, इसकी हमें सूचना नहीं है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। एक सवाल के जवाब में उदयभान ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस के नए शामिल हो रहे नेताओं की सूची में उन लोगों के नाम शामिल नहीं हैं, जो हरियाणा कांग्रेस के अलावा शामिल हो रहे हैं। वहीं, कुमारी सैलजा की जनसंदेश यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए कोई भी नेता कार्यक्रम सकता है। अगर कोई पार्टी के खिलाफ कार्यक्रम करता है तो जरूर देखा जाएगा। वह हमारी पार्टी के सीनियर नेता हैं, इसलिए वह पार्टी की मजबूती के लिए कार्यक्रम कर रही हैं।
तंवर के लिए कहा- कहीं भी जाएं कोई फर्क नहीं पड़ता
आम आदमी पार्टी के नेता अशोक तंवर पार्टी छोड़ने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान के निशाने पर आ गए हैं। उदयभान ने आरोप लगाया कि तंवर आर्टिफिशियल नेता हैं। जब वह कांग्रेस के नहीं हो सके तो किसी भी दल के नहीं हो सकते। अब वह भाजपा में जाकर अपना राजनीतिक कॅरियर बचाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, वह कहीं भी चले जाएं, उनके जाने से किसी पार्टी को फर्क नहीं पड़ेगा । उन्होंने कहा कि जब वह प्रदेश में मतदाता भी नहीं थे, तब कांग्रेस ने उन्हें लोकसभा सांसद बनाया। इसके बाद उनको प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी, लेकिन वह इतना मान-सम्मान हजम नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोड़कर पहले तंवर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में गए। फिर अपना भारत मोर्चा बनाया। उसके बाद आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। अब नए ठिकाने की तलाश करने के लिए दर-दर घूम रहे हैं।