चंडीगढ़। क्राइम सेल की टीम ने पंजाब व राजस्थान निवासी दो युवकों को 19.52 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। इन दोनों युवकों की पहचान पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव ममदोट के आकाशदीप और राजस्थान के कोटा के आशीष सिंह सोलंकी के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ सेक्टर-19 पुलिस थाने में एनपीडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों को जांच टीम ने कोर्ट में पेश किया जहां से उनका दो दिन का रिमांड मंजूर हुआ है। आगामी लोकसभा चुनाव और शहर में होने वाली चोरी/डकैती/स्नैचिंग की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए एसएसपी कंवरदीप कौर के दिशा-निर्देशानुसार जिला क्राइम सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर जसमिंदर सिंह की टीम द्वारा सेक्टर-19 सी/डी मोड़ के पास नाकेबंदी की गई थी। इसी दौरान नाकेबंदी पर एएसआई राजेश कुमार अपने अन्य जवानों के साथ मौजूद थे। करीब 9 बजे सेक्टर-19डी स्लिप रोड से पैदल आ रहे थे, लेकिन नाकेबंदी देख वह चुपचाप पीछे मुड़ गए। क्राइम सेल के जवानों ने दोनों युवकों को रोक लिया और जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से 19.52 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके बाद इनके खिलाफ केस दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
फोटो 03: जांच टीम द्वारा नशा तस्करी में शामिल गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी युवक। स्त्रोत: पुलिस।