मनीमाजरा। घर से सब्जी मंडी जा रहे एक व्यक्ति को लूट की नीयत से दो युवकों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना रविवार सुबह पौने पांच बजे कलाग्राम की लाइटों पर घटी। शोरशराबा करने पर व्यक्ति लूट से तो बच गया लेकिन बुरी तरह घायल हो गया। मौली कांप्लेक्स के मकान नंबर-2179 में रहने वाले 46 वर्षीय रामेश कुमार ने बताया कि लुटेरों ने उसकी छाती की बायीं तरफ चाकू से वार किया। उसे चार टांके लगे हैं। रामेश ने बताया कि रविवार अल सुबह साइकिल पर सब्जी मंडी जा रहा था। जैसे ही कलाग्राम की लाइटों पर रुका तो रेलवे कॉलोनी की तरफ से पैदल दो युवक आए और चाकू दिखाकर जेब से पैसे निकालने के लिए कहने लगे। रामेश कुमार ने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं। वह सामने वाले पेट्रोल पंप काम करता वहां से अपने साथियों को बुला लेेगा। इतने में युवक उसकी छाती के पास चाकू मार कर फरार हो गए। रामेश कुमार ने बताया कि जिस दौरान यह घटना हुई लाइट प्वाइंट पर तीन चार थीव्हीलर और तीन चार कारें रुकी हुई थीं, लेकिन कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। वह किसी तरह घायल हालात में सेक्टर-26 पहुंचा और उसके दोस्त इलाज के लिए जीएमएसएच-16 ले गए। रामेश की शिकायत पर मनीमाजरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।