हल्लोमाजर, सेक्टर 26 और मलोया कॉलोनी में हुई घटनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। शहर में 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर हुई आत्महत्याओं से सनसनी फैल गई। दोनों ही घटनाओं में मृतकों ने फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने तीनों मामलों में घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए मार्चरी भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में किसी भी घटनास्थान से सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पहली घटना रविवार दोपहर हल्लोमाजरा की है। 35 वर्षीय संदीप ने अपने घर में फंदा लगा लिया। संदीप मजदूरी करता था और परिवार के साथ रहता था। घटना के समय उसकी पत्नी गांव गई हुई थी और वह घर में अकेला था। जब परिजन कमरे में पहुंचे तो संदीप को पंखे से लटका पाया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत बता दिया। सेक्टर 31 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरी घटना सोमवार दोपहर सेक्टर-26 की है। यहां राजेश कुमार ने रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। राजेश सेक्टर-29 स्थित डिस्पेंसरी में कार्यरत थे। कुछ महीने पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था जिसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहते थे। घटना के समय राजेश के तीनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। जब वे कमरे में आए तो उन्होंने पिता को फंदे से लटका देखा। शोर मचाने पर पड़ोसी इकट्ठा हुए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सेक्टर 26 थाना पुलिस ने पहुंचकर शव को नीचे उतारा और अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि की। बाद में शव को माेर्चरी में रखवा दिया गया।
मलोया कॉलोनी में 31 साल के व्यक्ति ने फंदा लगाया
मलोया में रविवार रात को 31 साल के गगनदीप ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मलोया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। रविवार रात करीब साढ़े 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मलोया कॉलोनी में एक व्यक्ति ने फंदा लगा लिया है। पुलिस के अनुसार मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।