मनीमाजरा। दो अलग-अलग मामलों में दो लोगों ने घर में पंखे की हुक से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों काफी समय से मानसिक तनाव और निजी परेशानियों से जूझ रहे थे। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक मोरी गेट मोहल्ले मनीमाजरा में रहने वाले सौरव (35) ने किराए के मकान में फंदा लगाकर जान दे दी। मूल रूप से हरियाणा के पलवल के रहने वाला सौरव यहां लेबर कोर्ट में कान्ट्रैक्ट पर कार्यरत था। पुलिस ने बताया कि वह शराब पीने की आदत और तनाव के कारण मानसिक रूप से परेशान रहता था। उसकी पत्नी गांव में रहती है। इसी इलाके में एक अन्य घटना में टैक्सी ड्राइवर राम सिंह (46) ने भी अपने मकान में फंदा लगाकर आत्महत्या की। पुलिस के अनुसार राम सिंह की पत्नी उससे अलग रह रही थी, जिसके चलते वह तनाव में रहता था। दोनों जगह से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मनीमाजरा थाना पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर दोनों व्यक्ति किन परिस्थितियों में इस कदम उठाने को मजबूर हुए।