सरकारी राजिंदरा अस्पताल में कोरोना से मरने वाले मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। बुधवार को राजिंदरा में पिछले 24 घंटे में 32 कोविड मरीजों की मौत हो गई। राजिंदरा के कोविड केयर वार्ड की इंचार्ज सुरभि मलिक ने बताया कि पिछले 24 घंटे में राजिंदरा में जिन 32 कोविड मरीजों की मौत हुई है, उनमें 12 पटियाला जिले के थे, जबकि 19 पंजाब के अन्य जिलों और एक अन्य राज्य से था। वहीं राजिंदरा में बुधवार को 19 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है, जबकि 47 नए कोरोना मरीज दाखिल भी हुए।
कोरोना का खतरा बढ़ा, नाभा का गांव दुलदी सील
पटियाला के गांवों में कोरोना का प्रकोप भी कम नहीं हो रहा है। खास तौर से नाभा ब्लाक के गांवों में कोरोना ने रफ्तार पकड़ी हुई है। बुधवार को नाभा ब्लाक के गांव दुलदी में 13 पाजिटिव केस मिले। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से जहां गांव को सील कर दिया गया, वहीं यहां सैंपलिंग शुरू कर दी गई।
गौरतलब है कि नाभा ब्लाक के गांव अजनौदा कलां, लौट और भादसों में कोरोना कारण हालात काफी नाजुक है। जहां पिछले दो हफ्तों के दौरान ही अजनौदा में 13 मौतें और 25 एक्टिव केस हैं, वहीं लौट में तीन मौतें और 23 एक्टिव केस, भादसों में तीन मौतें व 53 एक्टिव केस हैं। उधर, ब्लाक कौली के गांव धबलान में भी आठ मौतें हो गई हैं और 20 एक्टिव केस हैं। जिस कारण इस गांव को भी सील किया हुआ है।