मनीमाजरा। उधार मीट न देने की बात को लेकर मीट शॉप के संचालक पर हमला और पथराव करने के मामले में मौलीजागरां थाना पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सलीम और काला के तौर पर हुई है जबकि इस केस में पुलिस पहले ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं दूसरी ओर केस में अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस छापे मार रही है।
पुलिस को दी शिकायत में घर के समीप ही मीट शॉप चलाने वाले कुनाल ने बताया था कि पिछले कई दिनों से इसी मोहल्ले में रहने वाले कुछ युवक उसकी दुकान से उधार चिकन लेकर जाते थे। वे बाद में पैसे देने में आनाकानी करते थे। बीते वीरवार की रात भी यही लड़के उसकी शॉप पर उधार चिकन लेने के लिए आए थे लेकिन पिछले पैसे न देने के चलते उसने चिकन देने से इनकार कर दिया। इसके बाद वे एकत्र होकर रात के समय हाथों में डंडे, तलवारें और रॉड लेकर आए और उसके घर पर हमला बोल दिया। यही नहीं उन लड़कों ने उसके मोहल्ले में पथराव भी किया था जिससे कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई थीं। वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।