चंडीगढ़। चोरों ने शनिवार रात सेक्टर तीन में एक बंद कोठी को अपना निशाना बनाया। खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोरों ने नकदी समेत लाखों के गहने चोरी कर लिए। कोठी मालकिन की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर तीन स्थित कोठी नंबर 13 में बुजुर्ग जोगिंदर कौर अकेली रहती हैं। वह प्रिंसिपल के पद से सेवानिवृत्त हैं। अकेले होने के कारण वह ज्यादातर सेक्टर-38 में अपनी बेटी के घर में ही रहती हैं। रविवार सुबह बेटी के घर से जब वह अपनी कोठी में आईं तो देखा कि कोठी की एक खिड़की टूटी हुई है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ अज्ञात लोग कोठी में बनी खिड़की को तोड़कर घर में अंदर घुसे थे और घर में पड़ी नकदी और लाखों के गहने चोरी कर फरार हो गए। जोगिंदर कौर के मुताबिक चोरों ने दो सोने की चेन, एक अंगूठी, एक ब्रेसलेट और दो लाख नकदी चुराई है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।