चंडीगढ़। गृह मंत्रालय ने कई आईएएस और आईपीएस अफसरों के तबादले कर दिए हैं। इनमें चंडीगढ़ के एक आईएएस व दो आईपीएस अफसर शामिल हैं। साल 2016 बैच की आईएएस नाजुक कुमार मौजूदा समय में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात हैं। उनका तबादला चंडीगढ़ से मिजोरम कर दिया गया है। कुछ दिन पहले ही एसडीएम सेंट्रल से उनकी नियुक्ति एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (एडीसी) के पद पर हुई थी। वह पूर्व होम सेक्रेटरी अनिल कुमार की बेटी हैं। इसके अलावा एजीएमयूटी कैडर साल 2015 बैच की आईपीएस नेहा यादव को अरुणाचल प्रदेश जबकि इसी बैच के आईपीएस विनीत कुमार का तबादला मिजोरम कर दिया गया है। आईपीएस नेहा यादव चंडीगढ़ पुलिस में एसपी के पद पर तैनात थीं। उनके पास साइबर सेल की जिम्मेदारी थी, जबकि आईपीएस विनीत कुमार के पास एसपी सिटी और ऑपरेशन सेल की जिम्मेदारी थी।