चंडीगढ़। बीते बुधवार की देर रात एक बजे नशे में धुत कार सवार दो युवक होटल के कर्मचारी की ओर से सिगरेट नहीं देने पर बिफर गए। इन युवकों ने कुछ देर बाद सेक्टर-8 के लाइट पॉइंट पर ऑटो का इंतजार कर रहे होटल के हाउस कीपिंग स्टाफ के दो कर्मियों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए। इस हादसे में साहिल राणा और सुशील कुमार को गंभीर चोटें आईं। इनमें से एक को जीएमएसएच-16 और दूसरे को पीजीआई में दाखिल करवाया गया। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी कार चालक व उसके साथी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें आज अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस को दी गई शिकायत में राजेश कुमार निवासी सेक्टर 9सी ने बताया कि बुधवार की रात करीब पौने एक बजे दो युवक सेक्टर-8 में होटल के बाहर कार में पहुंचे। इन दोनों युवकों ने होटल के बाहर खड़े हाउस कीपिंग स्टाफ सदस्यों से सिगरेट मांगी तो वह बोले कि मेरे पास नहीं है। इन युवकों ने जोर-जोर से चिल्लाते हुए कहा कि उन्हें कहीं से भी सिगरेट लाकर दो। शोर सुनकर होटल के मैनेजर सहित अन्य स्टाफ बाहर आ गया और युवकों से बातचीत की लेकिन युवकों ने उन्हें धमकी दी कि वह कुछ देर में ही अपने अन्य साथियों को यहां लेकर आ रहे हैं और सभी को सबक सिखाएंगे। इसके कुछ देर बाद साहिल राणा व सुशील कुमार अन्य साथियों के साथ होटल से निकल गए और घर जाने के लिए चौक पर ऑटो का इंतजार करने लग गए। इसी दौरान कार सवार फिर आ धमके और ऑटो के इंतजार में खड़े हाउस कीपिंग स्टाफ कर्मियों को सीधे टक्कर मारकर वहां से फरार हो गए। हालांकि, मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में यह घटना कैद हो गई।
हादसे के बाद दोनों घायलों को सेक्टर-16 अस्पताल में ले जाया गया लेकिन गंभीर हालत के कारण साहिल को वहां से पीजीआई में रेफर कर दिया गया। सूचना पाते ही पुलिस भी अस्पताल में पहुंची और घायलों सहित मौके पर मौजूद स्टाफ कर्मियों के बयान दर्ज कर टक्कर मारने वाले युवकों के खिलाफ सेक्टर-3 थाने में हत्या के प्रयास की धारा 307 व 34 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर गाड़ी नंबर के जरिए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान शालीन निवासी पंचशील एन्क्लेव जीरकपुर मोहाली और जितेंद्र सिंह शर्मा निवासी मलोया के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों की वारदात में इस्तेमाल गाड़ी भी जब्त कर ली है। इन्हें शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।