माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। पुलिस विभाग के पीओ एवं समन सेल ने झपटमारी के एक मामले में भगौड़ा चल रहे आरोपी को काबू किया है। आरोपी एक आपराधिक मामले में गिरफ्तार होने के बाद अदालती सुनवाई में पेश नहीं हुआ और भगौड़ा करार दिया था। आरोपी सुखविंदर सिंह मोहाली के गांव कुराली का रहने वाला है। उसके खिलाफ 6 नवंबर, 2018 को सेक्टर-34 पुलिस थाने में झपटमारी का मामला दर्ज हुआ था। मामले में शिकायतकर्ता सेक्टर-46सी की शालू गुलाटी ने की थी।
सेक्टर-46 के बाजार से घर लौटते वक्त पीछे से मोटरसाइकिल पर आए झपटमार ने उनका पर्स छीन लिया था। इसमें उनका मोबाइल फोन और 500 रुपये थे। आरोपी को अदालत में पेश कर बुड़ैल जेल न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं सेल ने एक अन्य मामले में हल्लोमाजरा के बलविंदर सिंह नामक भगौड़े को काबू किया है। 6 जनवरी, 2019 को उसके खिलाफ सेक्टर-31 थाना पुलिस ने चोरी और ट्रेसपासिंग का मामला दर्ज किया था। हल्लोमाजरा के अरविंद कुमार सिंह ने उनके पड़ोसी बलविंदर सिंह टॉमी पर चोरी का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया मगर बाद में वह अदालती सुनवाई में पेश नहीं हुआ और 14 जुलाई को अदालत ने उसे भगौड़ा करार दिया था। अब आरोपी को बुड़ैल जेल भेज दिया गया है। वहीं दरिया गांव निवासी विनोद कुमार के साथ हुई लूट की घटना को लेकर बीते 6 अगस्त को दर्ज एक मामले में एक नाबालिग के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे। उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। मामले में चार आरोपियों ने ऑटो चालक की पिटाई कर उसका मोबाइल और पर्स लूट लिया था।