चंडीगढ़। पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टरों के नजदीकी दो बड़े नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 292.27 ग्राम हेरोइन बरामद की है। ये दोनों नशा तस्कर व गैंगस्टर राजन भट्टी से हेरोइन खरीद कर आगे सप्लाई करते थे। क्राइम ब्रांच ने दोनों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में पूछताछ के लिए क्राइम ब्रांच राजन भट्टी को भी प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी।क्राइम बांच ने दोनों को सेक्टर-45 से दबोचा है। इनकी पहचान सेक्टर-45 निवासी पमेश अरोड़ा और डेराबस्सी थाना क्षेत्र के भनकपुर गांव निवासी हरजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला के रूप में हुई। इसकी सूचना मिलने पर डीएसपी उदयपाल सिंह मौके पर पहुंचे। जब तस्करों की तलाशी ली गई तो पमेश अरोड़ा से 271.65 ग्राम और बिल्ला से 20.62 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। ये दोनों हेरोइन गैंगस्टर राजन भट्टी से लेकर आते थे। वीरवार को राजन भट्टी मोहाली पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया था। दोनों तस्करों से पूछताछ में राजन का नाम सामने आने के बाद अब क्राइम ब्रांच पूछताछ के लिए उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा फतेहगढ़ निवासी जग्गा का नाम भी इनके साथ जुड़ा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। जांच में सामने आया है कि ये दोनों भारी मात्रा में एक साथ हेरोइन खरीदते हैं और बाद में उसे थोड़ा-थोड़ा कर महंगे दामों पर बेचते हैं।