स्कोडा से उठीं लपटों ने पास खड़ी हुंडई को भी लिया चपेट में, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
सीसीटीवी में हाथ में लाठी लेकर पार्किंग में आता दिखा बच्चा, थाना प्रभारी बोले- आग लगाने नहीं, बुझाने का प्रयास कर रहा था
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। सेक्टर-25 में रविवार दोपहर पार्किंग में खड़ी दो कारें आग की चपेट में आ गईं। पहले स्कोडा कार के अगले हिस्से में आग लगी और देखते ही देखते लपटों ने पास खड़ी हुंडई कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। आसपास के लोगों ने रेत और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें बढ़ती गईं। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में स्कोडा का अगला हिस्सा पूरी तरह जल गया, जबकि हुंडई को भी भारी नुकसान पहुंचा।
सीसीटीवी में लाठी लेकर आता दिखा बच्चा
सीसीटीवी फुटेज में एक नाबालिग बच्चा हाथ में लाठी लेकर पार्किंग में आता दिखाई दे रहा है। वह कुछ देर इधर-उधर घूमने के बाद एक कार के पास बैठकर उसके नीचे पड़े कागज इकट्ठा करता नजर आता है। फुटेज को लेकर आग लगाने की आशंका जताई गई, लेकिन सेक्टर-11 थाना प्रभारी जसपाल भुल्लर ने इससे इनकार किया। उनका कहना है कि बच्चा कागज हटाने और आग बुझाने का प्रयास कर रहा था।
छह महीने पहले खरीदी थी स्कोडा
स्कोडा की मालकिन सुनीता ने बताया कि उन्होंने करीब छह महीने पहले कार खरीदी थी। शनिवार शाम को गाड़ी पार्किंग में खड़ी की थी और रविवार सुबह तक सब सामान्य था। उन्हें बाद में आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने कार के पास पड़े कूड़े में आग लगाई होगी, जिसकी लपटें गाड़ी तक पहुंच गईं।
नई हुंडई को भी भारी नुकसान
दूसरी कार के मालिक उत्सव ने बताया कि उन्होंने भी हाल ही में हुंडई खरीदी थी। दस्तावेज नाम ट्रांसफर के लिए रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी में जमा हैं। अभी गाड़ी उनके नाम पर रजिस्टर नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। असली वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।