पूछताछ के बाद इन्हें छोड़ दिया गया था, जबकि कुलदीप सिंह व हरदीप की गिरफ्तारी गुरुवार को दिखाई गई। उनके वकील ने कोर्ट से अपील की है कि थाना मेहटियाना और सीआईए स्टाफ होशियारपुर के सभी सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित किया जाना चाहिए और अदालत की देखरेख में मामले की जांच कराई जानी चाहिए। एसएसपी सरताज सिंह चाहल ने कहा कि पूछताछ में पता चला है यह दोनों इस मामले में लिप्त हैं। 28 मार्च को मरनाइयां गांव से फरार होने के बाद अमृतपाल के गांव में स्थित एक एनआरआई के घर में रुकने व उसकी मदद करने के बारे में उन्होंने कहा कि इन्हें इसी मामले में पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है।
ग्रामीण कमेटियों को किया अलर्ट
अमृतपाल के बारे में चर्चा थी कि वह बैसाखी तक आत्मसमर्पण कर सकता है। इसके चलते सभी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाई की गई है। पुलिस ने छह सीमावर्ती जिलों में गठित ग्रामीण चौकस कमेटियों को भी अलर्ट रहने की हिदायत दी है। इन जिलों में फिरोजुपर, फाजिल्का, अमृतसर, तरनतारन, पठानकोट व गुरदासपुर का क्षेत्र शामिल है। यह सभी जिले पाकिस्तान की सीमा से सटे हैं। डीआईजी बॉर्डर रेंज नरेंद्र भार्गव की अगुवाई में यहां विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश यही है कि आरोपी को जल्द दबोचा जाए।