चंडीगढ़। कजहेड़ी स्थित एक होटल मालिक से 20 हजार रुपये महीने रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने रंगदारी मांगने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। इनकी पहचान डड्डूमाजरा निवासी रिंकू और सेक्टर-50 निवासी चेतन मुंजाल के रूप में हुई है। वीरवार को आरोपियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस को दी शिकायत में कजहेड़ी के होटल मालिक विजय ने बताया कि पिछले काफी दिनों से दोनों आरोपी 20 हजार रुपये महीने की रंगदारी मांग रहे थे। कई बार इसका विरोध भी किया, लेकिन लगातार धमकियां मिल रही थीं। इससे परेशान होकर शिकायत पुलिस को दी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। बता देें कि ट्राइसिटी के होटल मालिकों से बुधवार को रंगदारी मांगने के आरोप में आरोपी रिंकू व अन्य के खिलाफ सेक्टर-39 थाना पुलिस ने भी मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी कुख्यात गैंगस्टर के नाम पर रंगदारी मांग कर रहे थे। उधर, पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।