मनीमाजरा। सीए के ऑफिस से ढाई लाख रुपये चोरी करने के आरोप में मनीमाजरा पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान पिपलीवाला टाउन की रहने वाली पिंकी देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से चोरी किए हुए 1 लाख 90 हजार रुपये भी बरामद कर लिए। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार मनीमाजरा के गगनदीप मोंगा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट है और उन्होंने अपने घर की पहली मंजिल में अपना ऑफिस बना रखा है। गगनदीप मोंगा ने अपने टेबल के दराज में लगभग ढाई लाख रुपये रखे थे। वीरवार को उन्होंने दराज चेक किया तो पैसे वहां से गायब थे। इसके बाद उन्होंने ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो पता चला कि उनकी घर पर काम करने वाली पिंकी देवी ने उनके टेबल के दराज को खोलकर रुपये चोरी किए हैं। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी महिला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।