संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। जिला अदालत ने तेंदुए की खाल की तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों विक्रम सिंह बघेल और अवधेश चौधरी को जमानत दे दी है। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने राजस्थान निवासी दोनों आरोपियों को पिछले महीने गिरफ्तार किया था।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी कि आरोपियों को झूठे मामले में फंसाया है। उनके खिलाफ अभी तक चालान पेश नहीं हुआ है और मुकदमे के पूरा होने में समय लगेगा। वहीं डीआरआई के वकील ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि जेल से बाहर आने पर आरोपी मामले की जांच को प्रभावित कर सकते हैं। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने जमानत मंजूर कर ली।
डीआरआई की चंडीगढ़ और लुधियाना यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गुप्त सूचना पर टीम ग्राहक बनकर पहुंची और सेक्टर-22 स्थित सूद धर्मशाला से दोनों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से तेंदुए की खाल बरामद की गई थी। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी हिमाचल प्रदेश से खाल लाकर चंडीगढ़ में बेचने की कोशिश कर रहे थे।