चंडीगढ़। लूट करने की कोशिश के दौरान सिर पर ईंट से हमला करने वाले दोनों आरोपियों को इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दड़वा निवासी अर्शदीप उर्फ टिम्मा और सुकेश को जिला अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
शिकायतकर्ता 21 साल के भीम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लांडरा में पढ़ता है। 6 दिसंबर को सुबह करीब 10 बजे वह दड़वा गांव स्थित मस्जिद के पास से गुजर रहा था। उसी दौरान आरोपी टिम्मा और सुकेश वहां आए और उसका मोबाइल फोन व पर्स निकालने लगे। जब उसने आरोपियों का विरोध किया तो अर्शदीप ने उसके सिर पर ईंट मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पीसीआर ने घायल को तुरंत जीएमसीएच-32 पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की और सर्च अभियान चलाया। कुछ ही घंटों में दोनों आरोपी पकड़ लिए गए। पुलिस अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।