विदेशों में कई भारतीय मूल के कलाकार हैं, लेकिन उन्हें वहां के टेलीविजन शो में सिर्फ एक तरह के ही किरदार मिलते हैं जो अक्सर हास्य से संबंधित होते हैं। यह एक मुख्य कारण था कि भारत आकर अपना एक्टिंग का कैरियर शुरू किया।
यह कहना है एक्टर कवि शास्त्री का जो सेक्टर-26 के एक रेस्त्रां में बिंदास चैनल पर आ रहे अपने नए नाटक की प्रमोशन के लिए पहुंचे। कवि ने कहा कि वह लंदन से हैं, उनके पिता ईस्ट अफ्रीका और मां भारत के गुजरात राज्य से है।
मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी से हुआ प्रभावित
कवि ने कहा कि लंदन में रहते हुए वह सिर्फ अंग्रेजी ही बोलते थे। उन्हें हिंदी बिल्कुल नहीं आती थी। बचपन में उन्होंने फिल्म मैं खिलाड़ी तू अनाडी़ देखी जिसमें अक्षय कुमार को देखकर उनका भी मन फिल्मों में आने को हुआ। उन्होंने कहा भारतीय फिल्मों में अच्छा खासा मसाला होता है।
सबसे मुश्किल शो होस्ट करना
कवि स्टैंड अप कॉमेडी शो में हिस्सा ले चुके हैं, हिंदी फिल्मों में एक्टिंग भी कर चुके हैं और हाल ही में बिंदास के नए शो लव बाए चांस को होस्ट करने वाले हैं। कवि ने कहा कि वैसे इतना सब कुछ करने के बाद सबसे मुश्किल शो होस्ट करना लगा।
उन्होंने कहा कि शो होस्ट करते वक्त उनके सामने ऑडियंस नहीं होती केवल कैमरा होता है। कैमरे के सामने देखकर बोलना उन्हें उनकी ऑडियंस तक नहीं पहुंचा पाता, इसलिए उनको यह पता नहीं चलता कि किस तरह के दर्शक उन्हें देख रहे हैं ऐसे में शो होस्ट करना उन्हें थोड़ा मुश्किल लगता है।
बाय चांस मिलने वाले प्रेमी जोड़ों पर है नाटक
लव बाय चांस की जानकारी देते हुए कवि ने कहा कि यह नाटक उन प्रेमी जोड़ो पर आधारित है जो पहली बार बाय चांस मिले और उन्हें प्यार हो गया।
कवि ने बताया कि यह नाटक बहुत लाइट होगा। इसमें सिर्फ पहली मुलाकात से आई लव यू तक की कहानी होगी, लेकिन इसके बाद परिवार के बीच विवाद और शादी तक इस सीरियल को नहीं दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सीरियल में देशभर की सच्ची कहानियां होंगी।
कवि ने बताया कि इस शो के अभी 10 एपिसोड ही तैयार किए गए है और अभी 16 एपीसोड और बनेंगे और लोग के बीच प्रसिद्ध होने पर ही इसका दूसरा सीजन बनाया जाएगा। यह शो 31 मई से बिंदास चैनल पर शाम 7 बजे से प्रसारित होगा।
कवि की लव स्टोरी भी है बाय चांस
कवि ने शो की प्रमोशन के दौरान अपनी लव स्टोरी भी साझा की। कवि ने बताया कि कुछ साल पहले वह मुंबई के एक चर्च में गए। चर्च से बाहर आते वक्त उन्हें अपना दोस्त मिला जो अपनी एक और आस्ट्रेलियन दोस्त शेरिल के साथ पहुंचा था।
उन्होंने बताया कि दोस्त ने जब शेरिल से मिलवाया तो उनके दिल में कुछ कुछ होने लगा। दोनों में बातचीत बढ़ी, कवि ने बताया कि इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के बीच अक्सर शीत युद्ध रहता है, जिसके अनुरूप उनके और शेरिल के रिश्ते में भी कई बार कड़वाहट आई। कवि ने बताया कि तमाम झगड़ों के बावजूद अंत में सब कुछ ठीक हो गया और उन्होंने शेरिल से शादी कर ली।