महात्मा गांधी के पड़पोते तुषार गांधी के शहीद भगत सिंह के खिलाफ दिए गए विवादित बयान से युवा संगठनों में खासा रोष है। कई युवा संगठनों ने जालंधर में जनजागृति मंच के प्रधान किशन लाल शर्मा के नेतृत्व में स्थानीय एडिशनल पुलिस कमिश्नर क्राइम को तुषार गांधी के खिलाफ शिकायत देकर केस दर्ज करने की मांग की।
तुषार गांधी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि महात्मा गांधी ने शहीद भगत सिंह की सजा के खिलाफ इसलिए आवाज नहीं उठाई थी क्योंकि भगत सिंह अंग्रेजों की हुकूमत के गुनहगार थे।
इसके विरोध में शनिवार को जनजागृति मंच, शहीद भगत सिंह यूथ क्लब, शहीद-ए-आजम भगत सिंह वेलफेयर सोसाइटी समेत कई युवा संगठन एक मंच पर आ गए।
किशन लाल शर्मा, जसविंदर बग्गा, मुकेश कुमार, भाजयुमो महासचिव अशोर सरीन हिक्की ने कहा कि जिन शहीदों ने अपनी जान देकर देश को आजाद करवाया, उन पर उंगली उठाकर तुषार गांधी देश का माहौल खराब कर रहे हैं।
किशन लाल शर्मा व अशोक सरीन ने कहा कि अगर तुषार गांधी पर आपराधिक केस दर्ज न हुआ तो प्रदर्शन कर चक्का जाम किया जाएगा। किशन लाल शर्मा ने अपनी शिकायत एडीसीपी क्राइम जे. इलेनचेझियान को दे दी है, जिसमें केस दर्ज और गिरफ्तारी की मांग की गई है।a