गुस्साए परिजन हंगामा कर धरने पर बैठे, बोले- आरोपी को पकड़ कर पुलिसकर्मियों को सौंपा था तो चाबी देकर भगाया
उसे पीछा कर दोबारा पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। महानगर जालंधर में घास मंडी के पास कोट सदीक अमन एन्क्लेव के सामने दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय छात्र की ट्रक के कुचलने से मौके पर मौत हो गई। छात्र स्कूलों का समय बदलने के पहले ही दिन सोमवार सुबह एक्टिवा पर घर से निकला था। मृतक की पहचान रोनित निवासी बस्ती शेख के रूप में हुई है। बच्चे को कुचलने के बाद भागे ट्रक को लोगों ने पीछा कर पकड़ा।
लोगों ने इसकी सूचना थाना पांच की पुलिस को दी और परिजनों को बताया। जानकारी के मुताबिक 14 साल का एक छात्र एक्टिवा पर स्कूल जा रहा था, तभी एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी। टक्कर लगने के बाद 14 वर्षीय रोनित नीचे गिर गया और टायर सिर के ऊपर से निकल गया। ट्रक चालक ने मौके से भागने की कोशिश की तो लोगों ने पीछा करके काबू किया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि बच्चा साईं दास स्कूल का छात्र था। घटना के बाद लोगों ने मौके पर जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे बच्चे के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हुआ। परिजनों ने कहा कि पुलिस की नाकामी की वजह से ट्रक के रूप में मौत सड़कों पर घूम रही है। क्या मुझे मेरा बच्चा लौट सकती है पुलिस, उन्हें शव नहीं बच्चा वापस चाहिए।
वहीं, मौके पर पहुंचे एसएचओ भूषण शर्मा ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और परिजनों को शांत कर धरना हटवाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, परिजनों और लोगों ने आरोप लगाया कि उन्होंने ट्रक चालक के साथ ट्रक की चाबी पुलिस को सौंप थी लेकिन उन्होंने उसे भगा दिया जिसे दोबारा पीछा कर पकड़ा, जबकि पुलिस ने इस बात से इन्कार किया है। पुलिस ने जांच के बाद ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।