चंडीगढ़। 25 लाख रुपये के रिश्वत मामले में फंसे आईआरएस अधिकारी अमित कुमार सिंघल की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मामले में अदालत में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर दी है। अब इस केस में 19 मई से सुनवाई शुरू होगी। जांच के दौरान मिले नए सबूतों और अहम जानकारियों को चार्जशीट का हिस्सा बनाया गया है।
सीबीआई ने पिछले वर्ष सिंघल को बिचौलिये हर्ष कोटक के साथ रंगे हाथों पकड़ा था। आरोप है कि दोनों ने फूड चेन ला पिनो पिज्जा के मालिक से रिश्वत की मांग की थी। सिंघल के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग से मंजूरी भी मिल चुकी है। मामला मूल रूप से कारोबारी विवाद से जुड़ा है। शिकायतकर्ता सनम कपूर के अनुसार, सिंघल ने मुंबई में उनके साथ फ्रेंचाइजी शुरू की थी, जो बाद में विवाद के चलते टूट गई। आरोप है कि इसके बाद सिंघल ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए 18 फरवरी 2025 को आयकर नोटिस भिजवाकर दबाव बनाया और उसे रद्द करवाने के बदले 45 लाख रुपये की मांग की। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। फिलहाल दोनों जमानत पर हैं।