चंडीगढ़। ट्राइसिटी में कोरोना की चेन टूटने का नाम नहीं ले रही। सोमवार को कोरोना के 127 और मरीजों के मिलने से हड़कंप मच गया। इनमें चंडीगढ़ के 43, पंचकूला के 64 और मोहाली के 20 मरीज शामिल हैं। उधर, कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पीजीआई ने रैपिड एंटीजन टेस्ट शुरू कर दिए हैं। इस टेस्ट के जरिए महज 20 मिनट के अंदर ही अब मरीज की कोरोना रिपोर्ट आ जाएगी। सोमवार को पहले दिन शहर में रैपिड एंटीजन तकनीक से 37 लोगों के कोराना टेस्ट किए गए। इसमें दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई जबकि 35 लोगों की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई। इस टेस्ट से अब मरीजों को रिपोर्ट के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा।
चंडीगढ़ में 43 नए संक्रमितों के मिलने के साथ कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1159 हो गई है। वहीं, आठ मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए। चंडीगढ़ में कोराेना से अब तक 19 लोगों की मौत भी हो चुकी है। सोमवार को चंडीगढ़ में जो मरीज संक्रमित मिले, उनमें बापूधाम कालोनी का 15 वर्षीय किशोर, 7 साल का बच्चा, बुड़ैल में 42 वर्षीय महिला, मलोया में 30 वर्षीय युवती व 28 वर्षीय युवक, कजहेड़ी में 40 वर्षीय पुरुष और 23 वर्षीय युवती संक्रमित मिले हैं।
वहीं, बरवाला में कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में आए सेक्टर-22 की 53 वर्षीय महिला, सेक्टर-56 की पांच वर्षीय बच्ची, सात वर्षीय बच्चा, 29 वर्षीय युवक और 20 वर्षीय युवक, मनीमाजरा में 29 वर्षीय युवक, सेक्टर-35 में 22 वर्षीय युवती, 19 वर्षीय युवती, 17 वर्षीय किशोर और 43 वर्षीय महिला, सेक्टर-51 में 34 वर्षीय महिला, 70 वर्षीय बुजुर्ग, पांच महीने का बच्चा और 65 वर्षीय बुजुर्ग, खुड्डा लाहौरा में 27 साल के दो युवक, रायपुर खुर्द में 23 साल का युवक, पीजीआई में इलाज के दौरान संक्रमित हुई बुड़ैल की 50 साल की महिला, नयागांव में संक्रमित मरीज के संपर्क में आई 23 साल की युवती, रामदरबार में 52 साल का पुरुष, धनास में 50 साल की महिला, सेक्टर-23 में 29 साल की युवती, सेक्टर-38 में 43 साल का पुरुष, सेक्टर-51 में 22 साल का युवक, सेक्टर-34 में 25 साल की युवती, सेक्टर-20 में 28 साल का युवक, रायपुर खुर्द में 28 साल का युवक, सेक्टर-20 में 28 साल की युवती, 31 साल का पुरुष, सेक्टर-8 में 26 साल का युवक, सेक्टर-45 में 29 साल की युवती, बुटरेला में 51 साल का पुरुष, सेक्टर-10 में 27 साल की युवती, सेक्टर-41 में 66 साल का बुजुर्ग, सेक्टर-7 में 46 साल का पुरुष और बापूधाम कालोनी में 16 साल का किशोर कोरोना पॉजिटिव पाया गया। सोमवार को शहर के 75 कोरोना संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट मंगलवार को आएगी। शहर में अभी तक 14,778 लोगों के कोरोना सैंपल लेकर जांच की जा चुकी है। इनमें से 13,541 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
यह मरीज ठीक होकर घर लौटे
सोमवार को सूद धर्मशाला से मनीमाजरा का 60 साल का बुजुर्ग, पीजीआई से सेक्टर-41 का 29 साल का युवक, बापूधाम कालोनी का 46 साल का पुरुष, होम आइसोलेशन से सेक्टर-63 की 29 साल की युवती, सेक्टर-22 का 50 साल का पुरुष, सेक्टर-30 का 75 साल का बुजुर्ग, 60 साल की बुजुर्ग और 35 साल की कोरोना संक्रमित महिला को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया।