चंडीगढ़। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर सोमवार को एडवाइजर मनोज परिदा ने आदेश जारी कर मनीमाजरा के पीपलीवाला टाउन के 6 घर और धनास की ईडब्ल्यूएस कालोनी के एक ब्लॉक के टॉप फ्लोर को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया। जारी आदेशों में कहा गया है कि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही शहर में कंटेनमेंट जोन घोषित किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार की तरफ से कोरोना वायरस को लेकर बनाए गए रेड जोन में चंडीगढ़ शामिल है। ऐसे में कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए विभिन्न अधिकारियों की एक कमेटी ने कंटेनमेंट जोन बनाने का फैसला लिया है।
आदेश में कहा गया है कि इस कमेटी में नगर निगम के कमिश्नर, डीसी मनदीप सिंह बराड़, एसएसपी और डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज शामिल थे। इनकी सलाह के बाद ही मनीमाजरा के पीपलीवाला टाउन के छह घरों और धनास की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी के एक ब्लॉक के टॉप फ्लोर को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। आदेशों में कहा गया है कि कंटेनमेंट घोषित किए गए घरों में किसी के जाने पर पाबंदी होगी। साथ ही यहां पर लोगों की टेस्टिंग व स्क्रीनिंग की जाएगी।