वन्यजीव संरक्षण सप्ताह समारोह में छतबीड़ चिड़ियाघर पहुंचे 5200 से अधिक पर्यटक, हाथियों पर दिखाई रुचि
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। वन्यजीव सप्ताह समारोह-2026 के तीसरे दिन 4 अक्तूबर को एमसी जूलॉजिकल पार्क, छतबीड़ में ‘रन फॉर द वाइल्ड लाइफ’ दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौड़ में करीब 250 धावकों ने हिस्सा लिया और वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। इसी दिन चिड़ियाघर में 5200 से अधिक पर्यटक भी पहुंचे, जिन्होंने हाथियों पर विशेष चर्चा में रुचि दिखाई।
दौड़ का मुख्य उद्देश्य वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। धावकों ने 3, 5 और 10 किलोमीटर की श्रेणियों में दौड़ लगाई। छतबीड़ चिड़ियाघर ने दौड़ता पंजाब, इंडियन फ्लैग रनर्स और टफ जिम फिटनेस क्लब के साथ मिलकर इस कार्यक्रम का आयोजन किया। देश भगत रेडियो 107.8 एफएम मीडिया पार्टनर और रेडियंस अस्पताल मेडिकल असिस्टेंट पार्टनर रहे। पंजाब के प्रधान मुख्य वन संरक्षक धर्मिंदर शर्मा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। उन्होंने छतबीड़ चिड़ियाघर के फील्ड डायरेक्टर नलिन यादव के साथ दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।
हाथियों की जिंदगी से रूबरू हुए पर्यटक
वन्यजीव सप्ताह के तहत आगंतुकों के लिए ‘जू-कीपर टॉक ऑन एलीफेंट’ का भी आयोजन किया गया। अनुभवी महावतों और चिड़ियाघर के प्रशिक्षित कर्मचारियों ने पर्यटकों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने हाथियों की आदतों, व्यवहार और देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। वर्षों से हाथियों के साथ काम कर रहे महावतों ने माया और हेमा के बारे में भी रोचक जानकारियां साझा कीं। पर्यटकों ने इस संवादात्मक कार्यक्रम में काफी रुचि दिखाई।
चिड़ियाघर में पर्यटकों की सुविधाएं
वन्यजीव सप्ताह के तीसरे दिन 5200 से अधिक पर्यटक छतबीड़ चिड़ियाघर पहुंचे। बड़ी संख्या में पर्यटकों की मौजूदगी के बावजूद लोगों में वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार देखने को मिला। फील्ड डायरेक्टर नलिन यादव ने कहा कि ‘टीम छतबीड़’ अधिक संख्या में आने वाले पर्यटकों की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि पर्यटकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और कर्मचारियों को पशुओं के स्वास्थ्य तथा आगंतुकों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रखा गया है।