रॉक गार्डन निर्माता पद्मश्री स्व. नेक चंद सैनी की पांचवीं पुण्यतिथि पर लोगों ने श्रद्धांजलि देकर उन्हें स्मरण किया। रॉकगार्डन में पहुंचे परिजनों और उनके सहयोगियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। मोरनी में कुरुक्षेत्र से पहुंचे भाजपा सांसद नायब सैनी ने उनकी याद में हर्बल पौध भी रोपित किए।
रॉकगार्डन में बनाए गए उनके कार्यालय में रखी प्रतिमा पर उनके पुत्र अनुज सैनी, नेकचंद फाउंडेशन (यूके) के इंडियन ट्रस्टी हर्ष कुमार, महेंद्र कुमार, नायब सैनी आदि ने पुष्प अर्पित किए। इस मौके पर उनके सहयोगियों ने उनके साथ के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि रॉकगार्डन बनाने का उनका उद्देश्य लोगों को इसे देखकर खुश करना था।
इसमें वह पूरी तरह से सफल रहे। मोरनी में भी उनकी याद में दोपहर तीन बजे पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सैनी, जम्मू कश्मीर एमएलसी चरणजीत सिंह खालसा, पूर्व विधायक कालका लतिका शर्मा ने प्रतिभाग किया।
चंडीगढ़ियन ग्रुप ने किया पौधरोपण
चंडीगढ़ियन ग्रुप के द्वारा सेक्टर-46 में नेक चंद सैनी की पुण्यतिथि पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उनके पुत्र और रॉक गार्डन सोसायटी के सदस्य अनुज सैनी ने फलदार पौधे रोपित किए। इस अवसर पर उनके द्वारा पर्यावरण दिवस पर आयोजित हुई पेटिंग प्रतियोगिता के विजयी बच्चों को पुरस्कार भी बांटे।
कार्यक्रम में ग्रुप के संयोजक राज चड्ढा, राहुल महाजन, सचिन गौतम, शीतल नेगी, अभिलाष राठौर, बलविंदर सिंह, अनामिका वालिया, बविता सिंह, श्याम लाल, उद्यान विभाग के अधिशासी अभियंता हरिमोहन मीणा, वरिष्ठ अभियंता अंग्रेज सिंह आदि उपस्थित थे।
नगर निगम कमिश्नर ने लगाए पौधे
रॉकगार्डन के निर्माता नेक चंद सैनी की पांचवीं पुण्यतिथि पर सेक्टर-27 में आयोजित पौध रोपण कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर केके यादव भी पहुंचे। यहां उन्होंने सार्वजनिक पार्क में उनकी याद में पौध रोपित किए। इस अवसर पर पार्षद देवेंदर सिंह बबला भी उपस्थित हुए।