स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने को-वैक्सीन की तीसरे फेज की रिसर्च में बतौर वालंटियर शामिल होने की इच्छा जताई है। इस पर पीजीआईएमएस के कुलपति डॉ. ओपी कालरा ने बताया कि तीसरे फेज में हेल्थ कर्मियों के अलावा मरीजों को भी शामिल कर रहे हैं। जो भी इस रिसर्च में शामिल होगा उसे सहमति पत्र देना होगा। यदि स्वास्थ्य मंत्री सहमति पत्र देंगे तो उन्हें भी शामिल किया जाएगा।
हरियाणा की 1.01 मृत्युदर, इसे नीचे लाने का प्रयास: कुलपति
पीजीआईएमएस के कुलपति ने बताया कि विदेश में कोरोना संक्रमितों की मृत्युदर पांच से सात प्रतिशत रही है, जबकि भारत में यह दो से ढाई प्रतिशत रही है। हरियाणा में कोरोना संक्रमितों की मृत्यु दर 1.01 प्रतिशत चल रही है और प्रयास किया जा रहा है कि इसे एक से भी कम लाया जाए। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि पीजीआईएमएस में गंभीर स्थिति वाले मरीज आते हैं, ऐसे में समस्या होती है।
ए कैटेगरी वाले मरीजों को होम आइसोलेशन पर रखा जाता है, जबकि जिन्हें उपचार की जरूरत होती है, उन्हें विश्व भर में दी जा रही हर तरह की दवा देकर निशुल्क उपचार किया जाता है। संस्थान में वेंटिलेटर, दवा, स्टाफ किसी की कोई कमी नहीं है। हमारे यहां निम्न रक्तचाप व कम ऑक्सीजन वाले मरीजों को भी बचाया गया है। घर पर रह रहे मरीजों की टीम निगरानी करती है। कुलपति ने बताया कि जब तक वैक्सीन नहीं आती तब तक मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग जरूरी है।
कल आ सकती है को-वैक्सीन
कुलपति ने बताया कि गुरुवार को को-वैक्सीन आने की उम्मीद है। ऐसे में शुक्रवार से टीकाकरण शुरू हो सकता है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में छह व नौ एमजी की डोज दी गई थी। इससे कोई खास फर्क देखने को नहीं मिला, इसलिए छह एमजी की वैक्सीन की डोज ही काफी है। उन्होंने बताया कि फेज वन व टू में हम अभी तक कामयाब रहे हैं।
फरवरी के बाद बाजार में आ सकती है वैक्सीन
कुलपति ने बताया कि फरवरी के बाद वैक्सीन बाजार में आ सकती है। फिलहाल भारत बॉयोटैक कंपनी इस वैक्सीन पर शोध करवा रही है। शोध में सफल होने पर आईसीएमआर की ओर से वैक्सीन निर्माण के लिए संबंधित कंपनी को दिया जाएगा। उसके बाद बाजार में वैक्सीन उपलब्ध होगी। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन शुक्रवार को मॉड्यूलर ओटी का उद्घाटन करेंगे।