चंडीगढ़। ट्राई सिटी कैब ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन चंडीगढ़ के सदस्यों ने आम आदमी पार्टी के पार्षद जसवीर सिंह लाडी से मिलकर एक ज्ञापन दिया। इसमें पार्किंग शुल्क फ्री या कम करने की मांग की गई।
सदस्यों ने बताया कि चंडीगढ़ में पिक एंड ड्रॉप के लिए पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है। यूनियन के प्रधान वरदीप सिंह ने कहा कि वर्तमान में टैक्सी की पार्किंग 28 रुपये और निजी गाड़ियों की 14 रुपये है। आम आदमी पार्टी के मैनिफेस्टो में पार्किंग को फ्री करने का वादा किया गया था, लेकिन अभी तक वो पूरा नहीं हुआ है।
सभी ने कहा कि पार्किंग फ्री की जाए या कम से कम टैक्सियों से भी वही 14 रुपये चार्ज किया जाए जो निजी गाड़ियों पर है। इसके अलावा रोड पर पिक एंड ड्राप करने से ट्रैफिक जाम होता है दुर्घटना की संभावना भी बढ़ती हैं ड्राइवरों को चालान का भी डर रहता है।
यूनियन के चेयरमैन विक्रम सिंह पुंडीर ने पार्षद से आग्रह किया कि आगे होने वाली हाउस मीटिंग में इस मुद्दे को उठाएं। शासन-प्रशासन और नगर निगम में बैठे जनप्रतिनिधियों को समझना चाहिए कि बीमार और विदेशी नागरिकों को कैसे रोड पर बुलाया जा सकता है? इस मौके पर यूनियन के पदाधिकारी रजत गुप्ता, गुरप्रीत बराड़, ललित मनचंदा, गुरदीप सिंह, निशा शर्मा सहित सैकड़ों ड्राइवर उपस्थित रहे।