मोहाली। फेज-10 में सिल्वी पार्क के अंदर लगे एक बड़े पेड़ को पेड़ के साथ लगते एक मकान मालिक ने कटवा दिया। इस कारण पर्यावरण प्रेमियों में रोष है। साथ ही मांग की जा रही है कि इस पेड़ को कटवाने वाले मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। वातावरण प्रेेमी हरदीप सिंह ने बताया कि सिल्वी पार्क के अंदर पिछली तरफ कई साल पुराना बोहड़ का पेड़ था। शनिवार को पेड़ के साथ लगती एक कोठी के मालिक ने इसे कटवा दिया। उन्होंने बताया कि इस संबंधी पार्क में सैर करने वाले वातावरण प्रेमियों द्वारा नगर निगम के कमिश्नर और डीसी और एसएसपी को पत्र भेजकर मांग की गई है कि पेड़ को कटवाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस संबंधी संपर्क करने पर नगर निगम के एक्सईएन सुनील कुमार ने बताया कि उनको इस संबंधी शिकायत मिली है और विभाग के एसडीओ को मौके पर भेजा गया है। नगर निगम द्वारा पेड़ कटवाने वाले कोठी मालिक को नोटिस भेजा जा रहा है और पेड़ कटवाने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।