सड़क किनारे लगे पेड़ों की लंबे समय से छंटाई नहीं हुई है। कई जगह इन पेड़ों के बीच से बिजली के खुले तार गुजर रहे हैं।
अभी धुंध बाकी है। यदि इसकी शुरुआत होने से पहले इन पेड़ों की टहनियों की छंटाई नहीं हुई तो वाहन चालकों के अलावा रेजिडेंट्स के लिए भी परेशानी खड़ी हो सकती है।
सेक्टर-15 की अंदरूनी सड़कों से लेकर सेक्टर के बाहर डिवाइडिंग रोड पर भी कमोबेश यही हाल है। इससे करेंट लगने के अलावा वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने का भी खतरा रहेगा।
सेक्टर-15 की निवासी आरती तलवार के अनुसार, बच्चों को स्कूल छोड़ने जाते वक्त भी पेड़ों की टहनियों की वजह से कई बार दिक्कत पेश आती हैं। पेड़ो की टहनियों की नियमित अंतराल पर छंटाई होनी चाहिए, ताकि हादसे न हों।
सेक्टर-15 के एसके बोहरा के मुताबिकहर मौसम में पेड़ों की लटकी टहनियां सेक्टरवासियों के लिए परेशानी का सबब बनती हैं। बारिश के दिनों में घरों-दीवारों को छू रही टहनियां और उससे लगते बिजली के तार कभी भी खतरनाक साबित हो सकते हैं। डिवाइडरों से सड़कों तक लटक रहीं पेड़ों की टहनियों के कारण धुंध में यह ज्यादा खतरनाक साबित हो सकती हैं। थोड़ी भी चूक हादसे की वजह बन सकती है।
सेक्टर-15 की निवासी बबीता के अनुसार पेड़ो की टहनियों की सही समय पर छटाई नहीं होने से टहनियां इतनी बढ़ गई हैं कि वह अब बिजली के तारों से होकर घर की छत को छूने लगी हैं। यदि इनकी छंटाई नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।