फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रांसपोर्टर हड़ताल: पंजाब में एक लाख ट्रकों का चक्का जाम

Thu, 01 Oct 2015 11:27 PM IST
ब्यूरो/अमरउजाला, लुधियाना/जालंधर/पटियाला
विज्ञापन
विज्ञापन
बढ़ते टोल टैक्स, चेक पोस्ट बैरियर और मल्टीपल टैक्स के विरोध में ट्रांसपोर्टरों की देशव्यापी हड़ताल वीरवार से शुरू हो गई। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस की अपील पर की गई इस हड़ताल के तहत माल की लोडिंग एवं अनलोडिंग बंद कर दी गई है। पंजाब में भी एक लाख से ज्यादा ट्रकों का चक्का जाम हो गया है।
विज्ञापन


लुधियाना में हड़ताल के पहले दिन ही इंडस्ट्री पर इसका व्यापक असर देखने को मिला। उद्यमियों को माल के लिए ट्रक नहीं मिले। नतीजतन इंडस्ट्री में करोड़ों रुपये का डिस्पैच रुक गया है। उद्यमियों का तर्क है कि यदि हड़ताल लंबी खिंची तो उत्पादन रोकने की नौबत आ सकती है, क्योंकि माल को स्टॉक करने की जगह नहीं होगी।

ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय प्रधान चरण सिंह लोहारा का कहना है कि नब्बे के दशक के अंत में देश में टोल टैक्स लगने शुरू हुए थे, तब इनकी औसतन दर 1.40 रुपये प्रति किलोमीटर थी और अस्सी किलोमीटर के दायरे के भीतर दूसरा टोल नहीं लग सकता था।
विज्ञापन


लेकिन अब औसतन सात से आठ रुपये प्रति किलोमीटर टोल वसूल किया जा रहा है और कई जगह दस से बीस किलोमीटर के दायरे में ही दूसरे टोल लगे हैं। ऐसे में कारोबार करना असंभव सा हो गया है।

हड़ताल पूरी तरह कामयाब: चौधरी
लुधियाना गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रधान कैलाश चौधरी का दावा है कि पंजाब की आर्थिक राजधानी में हड़ताल पूरी तरह कामयाब रही है। ट्रांसपोर्टरों ने एक भी ट्रक माल भर कर रवाना नहीं किया। यहां तक की बड़ी कंपनियों को भी ढुलाई के लिए ट्रकों की सप्लाई ठप कर दी गई है।

ट्रक नहीं तो उत्पादन नहीं: सेठ
फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कॉमर्शियल आर्गेनाइजेशन के चेयरमैन एवं नीलम साइकिल्स के एमडी केके सेठ ने कहा कि उनकी इकाई से रोजाना दस ट्रक माल लोड करके देश के कोने-कोने में भेजे जाते हैं। वीरवार को ट्रक न मिलने के कारण डिस्पैच का काम बंद रहा। ऐसे में सारा माल अंदर स्टॉक हो रहा है। यदि हड़ताल लंबी चली तो उत्पादन रोकना पड़ सकता है, इससे इंडस्ट्री को भी झटका लगेगा। सरकार को जल्द ही हड़ताल खत्म कराने की पहल करनी चाहिए।

टोल टैक्स वाले करते हैं परेशान
जालंधर। ऑल ट्रक ऑपरेटर यूनियन के प्रधान हैप्पी संधू, अरविंदर सिंह, टहल सिंह भुल्लर, रामपाल सिंह का कहना है कि पहले टीडीएस 10 गाड़ियों से अधिक ट्रक ऑपरेटर पर लगता था, लेकिन अब इसे एक गाड़ी पर लगा दिया गया। टोल टैक्स वाले ट्रक ऑपरेटरों को बहुत परेशान करते हैं। सरकार को टोल टैक्स बंद कर देने चाहिए।

मांगें नहीं मानीं तो जारी रहेगी हड़ताल
पटियाला। पटियाला मिनी ट्रक ऑपरेटर यूनियन के प्रधान सुखविंदर सिंह ने कहा कि हड़ताल के दौरान उपभोक्ता वस्तुएं लाने व ले जाने के लिए बुकिंग नहीं की गई। यह हड़ताल बेमियादी है, जब तक मांगें नहीं मानी जाएंगी, यह जारी रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें