आचार संहिता लगी होने के बावजूद एक ट्रांसफर होने जा रहा है। क्योंकि सिफारिश लगाने के बावजूद ‘साहब’ के चहेतों को आवास नहीं दिया गया। इसलिए चंडीगढ़ प्रशासन के हाउस अलॉटमेंट डिपार्टमेंट में यह बदलाव होने जा रहा है। एजुकेशन सेक्रेटरी बीएल शर्मा से विभाग छीना जा रहा है। चुनाव आचार संहिता के बावजूद ‘साहब’ के निर्देश पर करीब 10 दिन पहले प्रशासन की हाईलेवल मीटिंग में डिपार्टमेंट बदलने का प्रस्ताव पास करके चुनाव आयोग को भेज दिया गया था। चुनाव आयोग ने इसकी मंजूरी भी दे दी है। अब यूटी प्रशासन में ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी डॉ. अजय सिंगला को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है।
पिछले साल प्रशासन का हाउस अलॉटमेंट डिपार्टमेंट मकानों के अलॉटमेंट को लेकर विवादों में रहा। शिकायत मिलने पर विभाग के तत्कालीन सेक्रेटरी और पर्यटन सचिव जितेंदर यादव ने एक कमेटी बनाकर सरकारी आवासों की जांच भी करवाई थी, लेकिन विभाग बदलने के बाद यह जांच ठंडे बस्ते में डाल दी गई। इसके बाद गत 25 जनवरी को हाउस अलॉटमेंट विभाग एजुकेशन सेक्रेटरी बीएल शर्मा को सौंप दिया गया था। इसके पीछे प्रशासनिक अधिकारियों ने हाउस अलॉटमेंट प्रक्रिया में पारदर्शिता का तर्क दिया था। बीएल शर्मा के पास आए इस विभाग को अभी दो महीने से अधिक का ही समय बीता है, एक बार फिर से बदलाव होने जा रहा है।