चंडीगढ़। पीजीआई में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की पहल के तहत सीपीआर जागरूकता सप्ताह (13 से 17 अक्तूबर ) की शुरुआत की गई। इस अवसर पर संस्थान के स्वास्थ्यकर्मियों ने समय पर कार्डियो-पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) के महत्व को समझने और इसे सीखने तथा सही तकनीक से अभ्यास करने की शपथ ली।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन और स्वास्थ्यकर्मियों में इस जागरूकता को बढ़ाना है कि सीपीआर की जानकारी और तत्परता से किसी भी आपात स्थिति में जीवन बचाया जा सकता है। प्रतिभागियों को यह सिखाया जा रहा है कि आपातकालीन स्थिति में पेशेवर चिकित्सीय सहायता आने तक साहस, करुणा और जिम्मेदारी के साथ प्राथमिक उपचार कैसे दिया जाए। इसके साथ ही, पीजीआई में राष्ट्रीय आपातकालीन जीवन समर्थन पहल के अंतर्गत बेसिक लाइफ सपोर्ट प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें डॉक्टरों के साथ गैर-चिकित्सीय स्टाफ को भी वयस्क और शिशु जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।