वर्ल्ड हेरिटेज ट्रैक के इर्द-गिर्द के जंगल आग में दहक रहे हैं
- फोटो : amarujala
शिमला-कालका वर्ल्ड हेरिटेज ट्रैक के इर्द-गिर्द के जंगल आग में दहक रहे हैं। इसे देखते हुए कालका-शिमला के बीच चल रही टॉय ट्रेनों को फिल्हाल रद्द कर दिया गया है।
गौरतलब है कि रेलवे ने बडौग रेलवे के पास पहाड़ों में लगी आग के चलते 10:15 बजे कालका पहुंचने वाली शिवालिक डिलकश और रात 11:15 बजे पहुंचने वाली मेल टॉय ट्रेन को बीच रास्ते में ही रोक दिया। दोनों ट्रेनें अपने निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंचीं। ट्रेनें बीच रास्ते में रुकने के कारण यात्रियों को कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा।
शिमला से कालका पहुंचने वाली टॉय ट्रेन के कनेक्शन में रात करीब 11:50 बजे कालका से चलने वाली हावड़ा एक्सप्रेस को भी करीब ढाई घंटे की देरी से रवाना किया गया। इससे यात्री ट्रेन चलने का इंतजार करते रहे। ट्रेन देरी से चलने के कारण उनका आगे का शेडयूल भी गड़बड़ा गया।
सोमवार परवाणू से लेकर सोलन तक धर्मपुर के सनवारा, कोटी, बड़ोग और सोलन पंचपरमेश्वर में आग भड़क गई। ट्रैक पर पत्थर गिरने लगे। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जगह-जगह ट्रेन रोक दी गई। सभी ट्रेनों को क्लीयरेंस मिलने के बाद ही हरी झंडी दिखाई गई। रेलवे विभाग के मुताबिक सोमवार सुबह की रेल सेवा छोड़कर सभी अप और डाउन ट्रेन आधा से एक घंटा तक लेट हुई हैं। उधर, इस ट्रैक पर डीजल इंजन दौड़ता है, लिहाजा जंगलों में लगी आग भयावह साबित हो सकती है। उपायुक्त सोलन डॉ. राकेश कंवर ने कहा कि शिमला-कालका रेल मार्ग में ट्रेन देरी से चलने की सूचना है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। स्थिति पर निगाह रखी जा रही है। रेलवे अधिकारी भी सतर्क हैं। आगजनी से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम हैं।
सभी छह रेलगाड़ियां प्रभावित : डीआरएम
डीआरएम अंबाला प्रवीण द्विवेदी ने कहा कि सोलन में कोटी, सनवारा, बड़ोग और धर्मपुर के जंगलों में आग लगने की सूचना है। प्रभावित क्षेत्र रेलवे ट्रैक के इर्द-गिर्द हैं। सभी छह रेल प्रभावित हुई हैं। सभी यात्री सुरक्षित हैं।