शहर के लोगों को गोवा की सुंदरता लुभा रही है। शहर के लोग परेड ग्राउंड सेक्टर-17 में चल रहे टूरिज्म फेस्टिवल में गोवा के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।
फेस्टिवल में गोवा टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन का स्टॉल लगाया हुआ है। कॉरपोरेशन के सीनियर मैनेजर अर्मांडो ड्यूआर्टे ने बताया कि उन्हें लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
अब टूरिस्ट बसों और कारों को अलग-अलग राज्यों का परमिट लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। चंडीगढ़ प्रशासन सिंगल परमिट सिस्टम की शुरुआत करने की योजना बना बना रहा है।
यह परमिट चंडीगढ़ के अलावा पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लिए एक ही होगा। फेस्टिवल केदौरान यूटी प्रशासक के सलाहकार केके शर्मा ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि उत्तर भारत में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में यह अच्छी पहल होगी और टूरिस्ट बसों और कारों को एक सिंगल परमिट टैक्स ही देना होगा।
शुरू होगा टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर
शर्मा ने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर शुरू किया जा रहा है। इसके लिए जगह चयनित कर ली गई है। इसका निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है।
यह चंडीगढ़ कैपिटल कांप्लेक्स से आधा किलोमीटर की दूरी पर है। इसका उद्देश्य पर्यटकों की सुरक्षा और उनको वीजा आदि की सुविधाएं मुहैया करवाना है।
मध्यप्रदेश में भी दिखाई दिलचस्पी
मध्यप्रदेश टूरिज्म के जनरल मैनेजर विवेक माथुर ने बताया कि उत्तर भारत के लोगों में भी मध्यप्रदेश पर्यटन को लेकर काफी दिलचस्पी है।
लोग कारावन टूरिज्म और उज्जैन-पचमढ़ी ट्रिप्स के बारे में काफी जानकारी ले रहे हैं। इसके अलावा उनके स्टॉल पर लोगों को भेदाघाट, चंदेरी के प्राचीन मंदिरों और पुराने किलों के बारे में बताया जा रहा है।