चंडीगढ़। 14 और 15 अप्रैल को छुट्टी होने की वजह से लाइसेंस, आरसी व अन्य कामों के लिए सेक्टर-17 स्थित रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) में अप्वाइंटमेंट लेने वालों की तिथि आगे बढ़ा दी गई है। लोगों को फिर से अप्वाइंटमेंट लेने की जरूरत नहीं है।
आरएलए ने 14 और 15 अप्रैल को अप्वाइंटमेंट लेने वालों के आवेदन को 18 से 22 अप्रैल के बीच नाम के पहले अक्षर के अनुसार समायोजित किया है। ए से लेकर सी तक 18 अप्रैल और डी से लेकर जे तक 19 अप्रैल, के से लेकर ओ तक 20 अप्रैल, पी से लेकर आर तक 21 अप्रैल और जिनके नाम एस से लेकर जेड से शुरू होते हैं उन्हें 22 अप्रैल को बुलाया गया है।
आरएलए ने स्पष्ट किया है कि जिन आवेदकों ने दिनांक 14 और 15 अप्रैल के लिए अप्वाइंटमेंट बुक किया है, वे आरएलए कार्यालय और चिल्ड्रेन ट्रैफिक पार्क-23 में इन निर्धारित तिथियों पर ही जाएं। अगर कोई आवेदक इन तिथियों के अलग जाएगा तो उसका आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रशासन में कल से चार दिन की छुट्टी
अगर आपको किसी सरकारी विभाग में कुछ काम है तो उसे बुधवार को निपटा लें, क्योंकि वीरवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को प्रशासन के विभिन्न विभाग बंद रहेंगे। इसके बाद सभी सरकारी दफ्तर सोमवार को ही खुलेंगे। वीरवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती, महावीर जयंती, वैशाखी आदि के मौके पर प्रशासन के विभिन्न विभाग और अधिकतर बैंकों में कामकाज नहीं होगा। शुक्रवार को गुड फ्राइडे है जबकि शनिवार को सभी सरकारी दफ्तरों में छुट्टी रहती है। हालांकि शनिवार को बैंक खुले रहेंगे। रविवार को फिर सभी सरकारी दफ्तर और बैंक बंद रहेंगे।