पंजाबी यूनिवर्सिटी में बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित आने के बाद बुधवार को यूनिवर्सिटी के भाई घन्हैया हेल्थ सेंटर ने मुफ्त कैंप का आयोजन किया। इस दौरान कम्युनिटी हेल्थ सेंटर त्रिपड़ी की टीम ने यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. डीपीएस सिद्धू, डीन अकादमिक डॉ. अमृतपाल कौर समेत 200 कर्मचारियों और अधिकारियों के सैंपल लिए।
डीन अकादमिक ने यूनिवर्सिटी के सभी कर्मचारियों से अपील की है कि हर व्यक्ति को जांच करवानी चाहिए। कोरोना से बचाव के लिए जागरुक होने की जरूरत है। गौरतलब है कि मंगलवार को पंजाबी यूनिवर्सिटी के लीगल एडवाइजर, वित्त अफसर समेत कुल 18 कोरोना मिले थे। इससे यूनिवर्सिटी प्रशासन में हड़कंप मच गया था।
बरनाला में मिले नौ संक्रमित
बरनाला में बुधवार को नौ कोरोना संक्रमित मिले। बरनाला में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 2410 हो चुके हैं। 57 एक्टिव केस हैं। सिविल सर्जन बरनाला हरिंदरजीत सिंह गर्ग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
पटियाला में दो की मौत, 187 संक्रमित मिले
पटियाला में बुधवार को दो और मरीजों की कोरोना से मौत हो गई। वहीं 187 नए संक्रमित मिले। जिले में अब संक्रमितों की संख्या 19084 हो गई है। इस समय एक्टिव मरीजों की संख्या 1422 है। वहीं बुधवार को थापर यूनिवर्सिटी में दो और केस पॉजिटिव आने के कारण अब कुल संक्रमितों की संख्या 71 हो गई है।
सिविल सर्जन डॉ. सतिंदर सिंह ने बताया कि बुधवार को संक्रमित मिले 187 में से पटियाला के 104, नाभा के नौ, समाना के तीन, राजपुरा के 27, ब्लॉक भादसों के सात, ब्लाक कौली के सात, ब्लाक कालोमाजरा के आठ, ब्लाक हरपालपुर के तीन, ब्लाक शुतराणा के10 और ब्लाक दूधनसाधां के नौ मामले शामिल हैं। अब तक थापर यूनिवर्सिटी में 1150 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। बुधवार को यूनिवर्सिटी में दो और केस पॉजिटिव आने के कारण अब कुल संक्रमितों की संख्या 71 हो गई है।