कोरोना वैक्सीन (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : PTI
हरियाणा में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। पिछले एक माह में सक्रिय केसों की संख्या बढ़कर चार गुना तक पहुंच गई है। गुरुवार को संक्रमण के 633 नए मामले सामने आए हैं, जबकि अलग-अलग जिलों में छह मरीजों की मौत हो गई। अकेले कैथल जिले में तीन, करनाल, यमुनानगर और फतेहाबाद में एक-एक मरीज ने दम तोड़ा है। वहीं, सोनीपत स्थित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की वीसी और एक पार्षद पति समेत जींद के चार और झज्जर में एक विद्यार्थी संक्रमित मिला है।
सबसे अधिक गुरुग्राम में 104, करनाल में 95, अंबाला में 91, कुरुक्षेत्र में 85, फरीदाबाद में 51, पंचकूला में 46 और यमुनानगर में 45 केस मिले हैं। अब केवल नूंह एक ऐसा जिला है, जहां पर एक भी केस नहीं मिला है। शेष जिलों में 20 से नीचे केस मिले हैं। इस समय प्रदेश में कुल एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 3957 हो गई है और अब तक कुल 3089 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। संक्रमण दर 4.65 और रिकवरी दर घटकर 97.46 तक पहुंच गई है।
रोजाना बढ़ रहे नए मामले
पिछले एक सप्ताह की बात करें तो प्रतिदिन बढ़कर संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। 12 मार्च को 128, 13 को 145, 14 को 143, 15 को 117, 16 को 272, 17 मार्च को 256 और 18 मार्च 80 अधिक केस सामने आए हैं।
एक माह में ही चार गुना बढ़े प्रदेश में सक्रिय केस
पिछले एक माह में प्रदेश में कोरोना के सक्रिय केसों की संख्या चार गुना अधिक बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 15 फरवरी को कुल 903 सक्रिय केस थे। एक मार्च को इनकी संख्या बढ़कर 1288 पहुंच गई और इसके बाद संक्रमण ने तेजी से गति पकड़ ली। 17 मार्च को यह संख्या 3740 और 18 को 3957 तक पहुंच गया। एक माह में यह चार गुना अधिक वृद्धि है।