चंडीगढ़। चंडीगढ़ में वीरवार को तंबाकू-मुक्त युवा अभियान 3.0 की शुरुआत की गई। 60 दिवसीय विशेष अभियान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) चंडीगढ़ व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशक सह प्रबंध निदेशक डॉ. सुमन सिंह के नेतृत्व में शुरू हुआ। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में तंबाकू और ई-सिगरेट जैसे उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा शहर में तंबाकू की उपलब्धता पर नियंत्रण रखना है।
अभियान की शुरुआत के अवसर पर से नो टू टोबैको शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें जीएमएसएच-16, उप-मंडल अस्पताल सेक्टर 22, 45, मनीमाजरा सहित सभी 48 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कर्मचारियों और आम जनता ने सामूहिक रूप से भाग लिया। इस दौरान डॉ. सुमन सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग अन्य सरकारी एजेंसियों के सहयोग से स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, रेस्तरां, बार और होटलों के आसपास के इलाकों का निरीक्षण करेगा, ताकि तंबाकू नियंत्रण कानूनों का सख्ती से पालन हो सके।
उन्होंने कहा कि यह अभियान युवाओं को नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ, तंबाकू-मुक्त वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।