एक हजार रुपये लेकर फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने वाले आईटी एक्सपर्ट को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
चंडीगढ़ में क्राइम ब्रांच डीएसपी जगबीर सिंह के अनुसार आरोपी की पहचान हल्लोमाजरा में रहने वाले मुकेश कुमार के रूप में हुई है। आरोपी मूलरूप से गांव सपोही, जिला गया, बिहार का निवासी है।
उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले लोगों ने फर्जी आधार कार्ड बनाए जाने की शिकायत दी थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच इंचार्ज गुरमुख सिंह की अगुवाई में एक जांच टीम गठित की गई।
क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर गुरमुख सिंह के अनुसार मंगलवार शाम को हल्लोमाजरा में फर्जी आधार बनाने के आरोपी का पता चला है।
जानकारी मिली कि आरोपी मुकेश हल्लोमाजरा स्थित मकान में एक्सटोल सॉफ्ट नाम से कंप्यूटर इंस्टीट्यूट चलाता है। इसी इंस्टीट्यूट में वह एक हजार रुपये में फर्जी आधार कार्ड बनाकर एक-दो घंटों में दे देता है।
पुख्ता जानकारी के लिए पुलिस ने आधार कार्ड बनवाने के लिए आरोपी के पास एक नकली ग्राहक भेजा। ग्राहक मुकेश के इंस्टीट्यूट पर आधार कार्ड बनाने के लिए एक हजार रुपये देकर आया।
मुकेश ने दो घंटे बाद आधार कार्ड लेने के लिए हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट के पास ग्राहक को बुलाया।
जैसे ही दो घंटे बाद ग्राहक उसके पास आधार कार्ड लेने पहुंचा तो क्राइम ब्रांच की टीम ने ट्रैप लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपी के पास से एक हजार रुपये और फर्जी आधार कार्ड भी मिला।
दो जगह चला रहा था इंस्टीट्यूट
क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर गुरमुख सिंह के अनुसार आरोपी के इंस्टीट्यूट से सीपीयू, प्रिंटर, स्कैनर व अन्य सामान बरामद कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि मुकेश एक्सटोल सॉफ्ट नाम से दो कंप्यूटर इंस्टीट्यूट चला रहा था। इनमें से एक हल्लोमाजरा में व दूसरा इंस्टीट्यूट नया गांव में है।
आरोपी मुकेश लोगों के आधार कार्डों में फर्जी तौर पर संशोधन भी करता था। वह संशोधन किए जाने वाले आधार कार्ड को स्कैन कर फोटोशॉप में सही करके उसे सरकारी बेबसाइट पर अपलोड कर देता था।
इसके बाद वह ग्राहक को वेबसाइट पर आधार कार्ड दिखाकर कॉपी निकालकर उसे दे देता। इसी तरह स्कैन आधार कार्ड की कॉपी पर नए आवेदक की फोटो, नाम व पता चेंज कर फर्जी आधार कार्ड बना देता था।