चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) में छात्र संगठनाें की संयुक्त कार्रवाई समिति ने स्टूडेंट सेंटर पर रविवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की दी है। भूख हड़ताल करने वाले विद्यार्थियों में प्राखर सिंह, अभिषेक गर्ग और कुलदीप गर्ग शामिल हैं। सोमवार को विद्यार्थी प्रिंस भी इस भूख हड़ताल में शामिल हो गए। जेएसी ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। जेएसी सदस्यों की मुख्य मांगे डीन स्टूडेंट वेलफेयर और मुख्य सुरक्षा अधिकारी के इस्तीफे के साथ पीयू में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना है। बीते दिनों विद्यार्थियों ने अधिकारियों के घरों के बाहर काले कपड़े लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। बारिश में भी यह प्रदर्शन जारी रहा। पीयू अधिकारियों ने सोमवार को विद्यार्थियों के विभागों के चेयरमैन को फोन किए। विभाग के चेयरमैन धरने पर पहुंचे और उन्हें भूख हड़ताल तोड़ने का आग्रह किया, हालांकि विद्यार्थी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। चेयरमैन ने कहा कि वह अपनी मांगों को विस्तार से लिखकर दें तो वह वीसी को देंगे। अब जेएसी की ओर से एक बार फिर विस्तार से जानकारी दी जा रही है।