चंडीगढ़। शहर में नशा तस्करों के खिलाफ यूटी पुलिस ने विशेष अभियान चलाया हुआ है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने तीन आरोपियों को सेक्टर-56 स्थित पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इन तस्करों से करीब एक किलोग्राम चरस बरामद हुई। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम बीते शनिवार देर शाम को गश्त की जा रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि कुछ आरोपी नशीले पदार्थ की तस्करी करते हैं और भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर आ रहे हैं। इसके बाद टीम ने सेक्टर-56 में पंप के पास नाकेबंदी कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। इनकी पहचान हिसार निवासी विक्रम, साहिल और मोहित उर्फ गोलू के रूप में हुई। तलाशी लेने पर इनसे करीब एक किलोग्राम चरस मिली।
महिला 7.08 ग्राम हेराइन के साथ गिरफ्तार
वहीं, एक अन्य मामले में पुलिस ने सेक्टर-38 स्थित गुरुद्वारे के पास से एक महिला को हिरासत में लिया। इसके पास 7.09 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गश्त के दौरान पुलिस ने दीपा उर्फ डिप्पू को हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके पास से 7.08 ग्राम हेरोइन मिली। महिला के खिलाफ सेक्टर-39 थाने में एसआई सुनील कुमार की शिकायत पर एनडीपी एक्ट-21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।