चंडीगढ़। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 10 सितंबर से 15 अक्तूबर 2026 तक 36 दिनों के पावर और ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान रेल भूमि विकास प्राधिकरण की ओर से व्यापक निर्माण और ढांचागत कार्य किए जाएंगे। स्टेशन पर होने वाले कार्य को यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तीन चरणों में बांटा गया है।
पहला चरण : 10 से 21 सितंबर
लाइन नंबर 6, 7 और 8 प्रभावित रहेंगी। प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 से जुड़ी इन लाइनों पर रूफ स्ट्रक्चर लॉन्च करने और पुराने फुट ओवरब्रिज के गर्डर्स हटाने का काम होगा।
दूसरा चरण : 22 सितंबर से 3 अक्तूबर
इस दौरान लाइन नंबर 4 और 5 पर काम किया जाएगा। ये क्रमश: प्लेटफॉर्म नंबर 3 और 4 से जुड़ी हैं।
तीसरा चरण : 4 से 15 अक्तूबर
अंतिम चरण में लाइन नंबर 1, 2 और 3 पर कार्य पूरा किया जाएगा। इसके साथ प्लेटफॉर्म नंबर 2 से जुड़ी लाइनों का काम भी किया जाएगा।
तीन प्रमुख ट्रेनें पूरी तरह रद्द
मेगा ब्लॉक के दौरान रेलवे ने तीन ट्रेनों को अस्थायी रूप से पूरी तरह रद्द करने का निर्णय लिया है।
ट्रेन
रद्द रहने की अवधि
14331 दिल्ली-कालका
9 सितंबर से 15 अक्तूबर
14332 कालका-दिल्ली
10 सितंबर से 16 अक्तूबर
54532 कालका-अंबाला कैंट
10 सितंबर से 15 अक्तूबर
ट्रेन नंबर 14331 और 14332 के 37-37 ट्रिप, 54532 के 36 ट्रिप प्रभावित होंगे।
स्टेशन पर बदलेगी परिचालन व्यवस्था
ब्लॉक के दौरान ट्रेनों के संचालन को लेकर स्टेशन स्टाफ के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। ट्रेन नंबर 12217 के सोमवार और बुधवार के संचालन के दौरान चंडीगढ़ पहुंचने पर ट्रेन को प्राथमिकता के आधार पर खाली कराकर तुरंत स्टैबलिंग लाइन पर भेजा जाएगा। ट्रेन नंबर 13051 के सेक्शनल कोचों को लाइन नंबर 2 पर अलग कर डीजल लोकोमोटिव की मदद से लाइन नंबर 7 के कालका एंड की ओर शिफ्ट किया जाएगा। ट्रेनों के विलंब की स्थिति में जरूरत के अनुसार डायनेमिक प्लेटफॉर्म अलॉटमेंट किया जा सकेगा।
यात्रियों को यात्रा से पहले स्टेटस जांचने की सलाह
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि मेगा ब्लॉक के दौरान यात्रा की योजना बनाने से पहले अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस और परिचालन स्थिति अवश्य जांच लें। इसके लिए एनटीईएस ऐप/वेबसाइट का इस्तेमाल किया जा सकता है। किसी भी तरह की सहायता, शेड्यूल या रिफंड संबंधी जानकारी के लिए रेल मदाद हेल्पलाइन 139 पर संपर्क किया जा सकता है। चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कालका और दिल्ली रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सहायता के लिए 24 घंटे हेल्प डेस्क और लाउडस्पीकर के माध्यम से घोषणाओं की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई है।